हाथरस में खाकी का संवेदनशील और सेवा भाव से भरा चेहरा देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने महिला थाना हाथरस की टीम एवं नव नियुक्त महिला आरक्षी राधिका, इच्छिता और रेनू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
दरअसल, महिला थाना प्रभारी रितु तोमर के नेतृत्व में महिला आरक्षियों ने घुमंतू एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के पांच जरूरतमंद बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया। इतना ही नहीं, बच्चों को शैक्षिक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने और मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।