बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर 1 मई को बागला ब्लड बैंक में एक प्रेरणादायक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मानव सेवा की उत्कृष्ट मिसाल देखने को मिली। इस शिविर का संयुक्त रूप से आयोजन सामाजिक संस्थाओं कल्याणी गोधन क्रिएशंस, जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस सहेेली और जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस गूंज द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज में सेवा की भावना को सशक्त बनाना था।
शिविर में कुल 33 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन को संजीवनी देने का पुनीत कार्य किया। रक्तदाताओं में युगल जोड़ी, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
इस अवसर पर एक ही परिवार के पांच लोगों ने एक साथ रक्तदान किया। आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य जांच की समुचित व्यवस्था की गई थी और सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करते हुए रक्त संग्रह किया गया।
कल्याणी गोधन क्रिएशंस की डायरेक्टर दीप्ति वार्ष्णेय ने इस अवसर पर कहा, “रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है।” साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि “आपका एक छोटा सा कदम, किसी के लिए नई सुबह बन सकता है।”
पूरे कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और करुणा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यह शिविर समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरा, जिसने यह साबित किया कि “एक बूंद रक्त, कई जिंदगियां बचा सकता है।”
इस अवसर पर प्रीति वार्ष्णेय(अध्यक्ष), सीमा शर्मा(अध्यक्ष), गुंजन दीक्षित(वाइस प्रेसिडेंट), दीप्ति, मीनाक्षी, नमिता, कल्पना, कुसुम, गुंजन गर्ग, शालिनी, मंजुलता, मधु राज, संगीता, कृष्णा गुप्ता, नवीन, मदन गोपाल, दीपक शर्मा, मोहित, चंदन, संचय, कृष्णा आदि उपस्थित रहे।